दो दिवसीय परिवहन दरबार में लोगों को दी गई जरूरी जानकारी, नियमों के पालन की अपील
बोरियो: झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बोरियो प्रखंड में दो दिवसीय परिवहन दरबार का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर जागरूकता एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और आम लोगों ने भाग लिया।
परिवहन संबंधी सेवाओं की दी गई जानकारी
शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस के ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण और संशोधन के साथ वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट ट्रांसफर, फिटनेस, प्रदूषण जांच और बीमा से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की गोल्डन आवर के दौरान मदद करने वाले राहवीर (नेक नागरिक) को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
सड़क नियमों के पालन की अपील
वहीं हिट एंड रन मामलों में मिलने वाले मुआवजे की जानकारी देते हुए बताया गया कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाता है। लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने की अपील की गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई।
मौके पर मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, बीडीओ नागेश्वर साव, पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर सहित अन्य लोग मौजूद थे।



