— दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन, मुख्य अतिथि डॉ. रंजीत कुमार सिंह सहित अतिथियों को अंगवस्त्र और बुके देकर किया गया सम्मानित
साहिबगंज: चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज, साहिबगंज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तीसरे सत्र का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. रंजीत कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज में पूर्व से अध्ययनरत वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर के लिए प्रेरित किया। इस सत्र में एएनएम के 18, जीएनएम के 41 और बीएससी नर्सिंग के 58 विद्यार्थियों सहित कुल 117 छात्र-छात्राओं का नया नामांकन हुआ है। इनमें कई छात्राएं कॉलेज की हॉस्टल सुविधा का लाभ लेकर यहीं रहकर अपनी पढ़ाई पूरी करेंगी। हालांकि पढ़ाई एक नवंबर से शुरू हो चुकी है, लेकिन नए विद्यार्थियों के स्वागत और आपसी परिचय के उद्देश्य से गेट-टुगेदर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. रंजीत कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. ध्रुव ज्योति सिंह थे। इनके अलावा कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय कुमार, एडिशनल डायरेक्टर डॉ. सुमित कुमार, प्राचार्य डॉ. श्यामला एवं डॉ. सुनील सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कॉलेज प्रशासन ने सभी अतिथियों का स्वागत बुके और अंगवस्त्र भेंटकर किया। कार्यक्रम का संचालन पूजा श्री और सीमा सेलेन ने किया।
प्रोफेसर डॉ॰ रंजीत सिंह ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित:
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग एवं चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना बेहद जरूरी है। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करना और उनके दुख-दर्द को समझना चिकित्सा सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपनी बौद्धिक क्षमता का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।
आधुनिक लैब और अस्पताल में मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि उनका हर प्रयास साहिबगंज जिले के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए समर्पित है। कहा— “मेरा पूरा जीवन सेवा और समर्पण की भावना को समर्पित रहा है। साहिबगंज जिले के विकास को हमेशा अपना लक्ष्य मानकर मैं निरंतर आगे बढ़ता रहा हूं। इस सफर में मुझे सभी लोगों का सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा, जिसके लिए मैं उनका हृदय से आभारी हूं।”कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस विभिन्न प्रशिक्षण लैब उपलब्ध हैं। इसके साथ ही सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में विद्यार्थियों को मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। हॉस्टल सहित विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
एडिशनल डायरेक्टर डॉ. सुमित कुमार ने विद्यार्थियों से अपने पेशे के प्रति ईमानदार रहने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थी अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं। साथ ही उन्होंने सीनियर विद्यार्थियों को नए छात्रों के साथ रैगिंग या किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करने तथा आपसी समन्वय और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी।




