—— 241 रिक्तियों के लिए तीन निजी कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, 19 युवाओं का रोजगार पोर्टल पर निबंधन
साहिबगंज : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, साहिबगंज परिसर में एक दिवसीय भर्ती-सह-निबंधन शिविर आयोजित किया गया। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित शिविर में निजी क्षेत्र की तीन नियोजक संस्थाओं ने भाग लिया। इनमें एसआईएस लिमिटेड, ईडीएस स्किल साहिबगंज और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस शामिल थीं।
—————-
विभिन्न पदों पर युवाओं को मिला अवसर
शिविर में कुल 241 रिक्तियों के विरुद्ध चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 18 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि 21 को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अलावा 19 युवाओं का झारखंड रोजगार पोर्टल पर निबंधन किया गया। सिक्योरिटी गार्ड, प्रशिक्षक, फील्ड एग्जीक्यूटिव, यूनिट मैनेजर और बीमा सलाहकार सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
मौके पर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग एवं सरकारी रोजगार सुविधाओं की जानकारी दी गई। जिला नियोजनालय का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।



