डीएफओ प्रबल गर्ग ने कहा- रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी, जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा जीवनदान
साहिबगंज : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को वन प्रमंडल कार्यालय, साहिबगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 60 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। वन प्रमंडल कार्यालय में आयोजित यह दूसरा रक्तदान शिविर था। इससे पूर्व आयोजित शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था।
————
पुलिस और समाहरणालय कर्मियों ने भी लिया हिस्सा
मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि रक्तदान केवल मानवीय कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी भी है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वस्थ एवं योग्य लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में वन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के अलावा पुलिस विभाग और समाहरणालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था। वन विभाग ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




