——नगर परिषद और बस स्टैंड क्षेत्र में परखी गई नागरिक सुरक्षा की तैयारियां, विभिन्न विभागों ने लिया हिस्सा
साहिबगंज : नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को साहिबगंज में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के लिए नगर परिषद कार्यालय तथा सदर अस्पताल-सह-बस स्टैंड परिसर को चिह्नित किया गया था।
आपात स्थिति से निपटने का किया अभ्यास
अभ्यास के दौरान नगर परिषद कार्यालय के आसपास बम निष्क्रियकरण की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति का परिदृश्य तैयार कर बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान चेतावनी प्रणाली, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने और विभागीय समन्वय की तैयारियां परखी गईं।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना था। मौके पर अपर समाहर्ता विजय कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्रमोद आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थी तथा आम नागरिक उपस्थित थे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।



