संविधान दिवस पर प्रखंड-अंचल कार्यालय और राधानगर थाना में दिलाई गई शपथ
उधवा। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को उधवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर एवं राधानगर थाना में संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। प्रखंड कार्यालय में सीओ आशीष कुमार एवं बीडीओ जयंत कुमार तिवारी ने अधिकारियों और कर्मियों को शपथ दिलाई। वहीं, राधानगर थाना में थाना प्रभारी रोहित कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को संविधान के मूल्यों और आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई। इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। मौके पर प्रखंड-अंचल कार्यालय के कर्मियों सहित राधानगर थाना के पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।



