साहिबगंज और मनिहारी के बीच यात्री जहाज सेवा पुनः शुरू हो गई है. यह सेवा झारखंड और बिहार के हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत है.
साहिबगंज: साहिबगंज और मनिहारी के बीच गंगा नदी में लंबे इंतजार के बाद पिछले शुक्रवार से यात्री जहाज (फेरी सेवा) का परिचालन दोबारा शुरू हो गया है. इस सेवा के बहाल होने से झारखंड और बिहार के बीच गंगा पार आवागमन करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल इस जहाज के जरिए यात्रियों के साथ-साथ बाइक को भी गंगा पार कराया जा सकेगा.
पूजा-अर्चना के साथ हुआ फेरी सेवा का शुभारंभ
साहिबगंज के कारगिल क्षेत्र से सटे बिहार के महेशपुर गंगा घाट से मनिहारी के लिए इस फेरी सेवा की विधिवत शुरुआत की गई. जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर और नारियल फोड़कर इसका शुभारंभ किया था.
छठ पर्व के बाद चार पहिया वाहनों को भी मिलेगी सुविधा
शुभारंभ के मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि अभी यात्रियों और दोपहिया वाहनों का परिचालन शुरू किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि छठ पर्व के बाद इस रूट पर चार पहिया वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दिया जाएगा, जिससे मालवाहक और निजी वाहन चालकों को भी सुविधा होगी.
बिहार सरकार की अनुमति के बाद शुरू हुआ परिचालन
इस फेरी सेवा का संचालन कन्हैया लॉजिस्टिक की ओर से किया जा रहा है. संस्थान के संचालक कन्हैया कुमार ने जानकारी दी कि गंगा नदी में फेरी सेवा चलाने के लिए बिहार सरकार से सभी आवश्यक अनुमति मिल गई है. इसी आधिकारिक अनुमति के आधार पर महेशपुर घाट से मनिहारी के बीच यात्री जहाज का परिचालन शुरू किया गया है.



