बरहेट में रेलवे लाइन पार करते समय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
बरहेट. थाना क्षेत्र के बरहेट बाजार स्थित हरे कृष्ण मंदिर रोड निवासी 46 वर्षीय कौशल्या देवी (पति भुटका साह) की रेलवे लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी. हादसा फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलवे लाइन पर बरहेट सब-स्टेशन से महज 10 गज की दूरी पर हुआ. बताया गया कि फरक्का से ललमटिया जा रही खाली ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया. उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
हादसे के कारणों का नहीं चला पता
महिला रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंची और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.



