बरहरवा में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विशेष कार्यक्रम में सखी मंडलों, किसानों और जरूरतमंदों को करोड़ों की परिसंपत्तियों और सहायता राशि का वितरण किया गया.
बरहरवा. बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को झारखंड स्थापना दिवस 2026 पखवाड़ा के तहत बीडीओ सन्नी कुमार दास के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा शामिल हुए. विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर, विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड प्रमुख सुशीला हांसदा, उप प्रमुख मो कादिर एवं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच करोड़ों रुपये की परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया.
गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण से कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की. इसके बाद अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया.
सखी मंडलों को मिले 2.50 करोड़ के चेक

जेएसएलपीएस की ओर से 90 सखी मंडलों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत एक करोड़ 35 लाख रुपये तथा 115 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत एक करोड़ 15 लाख रुपये के चेक प्रदान किये गये. कृषि विभाग की ओर से पांच-पांच किसानों के बीच मसूर, सरसों एवं गेहूं के बीज वितरित किये गये. वहीं दो किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर पंप सेट दिया गया. वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच मजदूरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.



