चक्रवाती तूफान का मिर्जाचौकी में असर, भारी बारिश से सड़कें बदहाल, कीचड़ और जलभराव के चलते लोगों की आवाजाही मुश्किल।
मंडरो.बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. पिछले कई घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है. दिन-रात हो रही बारिश से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है. वहीं, मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड का एहसास भी बढ़ गया है.
बारिश ने सड़कों को बनाया कीचड़ का दलदल
लगातार बारिश के कारण मिर्जाचौकी बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें कीचड़मय हो गयी हैं. सड़कों पर कीचड़ और फिसलन के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. मोटरसाइकिल चालकों को विशेष रूप से संभलकर सड़क से गुजरना पड़ रहा है. फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है.
बाजारों की रौनक पर भी मौसम की मार
लगातार बारिश का असर बाजारों में भी देखने को मिल रहा है. बारिश के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. आम लोगों को जरूरी कामकाज के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है. मौसम के बदले मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. एक ओर लगातार बारिश तो दूसरी ओर तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड का भी सामना करना पड़ रहा है.



