बोरियो (साहिबगंज)। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर गुरुवार को बोरियो प्रखंड के बड़ा मदनशाही पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के तहत विशेष बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को शौचालय के नियमित उपयोग, साफ-सफाई और उचित रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ शौचालय केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और व्यक्तिगत गरिमा का आधार है। शौचालय निर्माण के साथ उसका नियमित उपयोग और साफ-सफाई भी जरूरी है। ग्रामीणों को खुले में शौच से होने वाली बीमारियों और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पंचायत के उपमुखिया अलाउद्दीन अंसारी, कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह, सहायक अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, आशीष कुमार यादव, गौरव कुमार (एसडीओ), जीनत परवीन, ओसिम आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



