बरहेट में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, PWD के सहायक अभियंता समेत पांच पर मामला दर्ज. बाउंसर के साथ पहुंचकर मारपीट और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
बरहेट: साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और हथियार दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है. इस मामले में गोड्डा के अल्फा बाउंसर संचालक समेत पांच लोगों के विरुद्ध बरहेट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. पुलिस ने अल्फा बाउंसर संचालक शिवम साह सहित एक अन्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है.
निजी जमीन पर जेसीबी से गड्ढा खोदने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब मनु टोला निवासी मोहन सोरेन ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि उनकी निजी जमीन पर अल्फा बाउंसर संचालक शिवम साह अन्य बाउंसरों के साथ पहुंचे थे. उनके साथ पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जोन चुण्डा हांसदा, ईगिनासियुस भगत हांसदा, तरेसा सोरेन और रेशमी हांसदा भी मौजूद थे. आरोप है कि सभी लोग जेसीबी मशीन लेकर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से गड्ढा खोदने लगे.
विरोध करने पर मारपीट और हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप
मोहन सोरेन के अनुसार, जब उन्होंने और उनके साथ मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने गाली-गलौज और मारपीट की. साथ ही बंदूक दिखाकर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करने के बावजूद आरोपितों ने उन्हें डराकर वहां से भगा दिया.
प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपित गिरफ्तार
प्राप्त आवेदन के आधार पर बरहेट थाना पुलिस ने कांड संख्या 129/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की. मामले में गोड्डा निवासी अल्फा बाउंसर संचालक शिवम साह सहित एक अन्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
सहायक अभियंता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इधर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जोन चुण्डा हांसदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ मारपीट नहीं की है और अपनी सुरक्षा के लिए बाउंसर लेकर पहुंचे थे.



