धनतेरस के मद्देनजर साहिबगंज के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि खरीदारों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो और बाजार में सुरक्षित माहौल बना रहे।
साहिबगंज. धनतेरस को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है. सड़क किनारे दर्जनों अस्थायी दुकानें सज गई हैं. वहीं, शहर की स्वर्ण आभूषण दुकानों में भी ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और कारोबार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. आम लोगों से लेकर छोटे-बड़े दुकानदारों तक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है.
घोड़मारा पुल से साक्षरता चौक तक रहेगी विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. घोड़मारा पुल से लेकर साक्षरता चौक तक विशेष निगरानी रखी जाएगी. इस दौरान सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारी और जवान भी तैनात रहेंगे, जो बाजार की गतिविधियों पर नजर रखेंगे. खासकर स्वर्ण आभूषण दुकानों, सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वाले दुकानदारों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी.
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य खरीदारी के लिए घरों से निकलने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है. साथ ही दुकानदार बिना किसी भय के अपना कारोबार कर सकें, इसके लिए भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी.
सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती : डीएसपी
इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव ने बताया कि धनतेरस को लेकर सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली गई है. पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गयी है.



