दीपावली के दौरान साहिबगंज में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए विद्युत विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत शहर के पांचों फीडरों को दुरुस्त और मजबूत किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को बिजली कटौती की परेशानी न हो।
साहिबगंज. दीपावली का त्योहार हो और घर-आंगन से लेकर बाजार तक रोशनी की चमक न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. त्योहार की खुशियों में बिजली की कमी बाधा नहीं बने, इसके लिए बिजली विभाग ने भी तैयारी तेज कर दी है. धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए साहिबगंज शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. पिछले दो दिनों से बिजली विभाग के कर्मचारी युद्ध स्तर पर मरम्मत और रखरखाव के कार्य में जुटे हैं, ताकि त्योहार के दौरान शहरवासियों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सके.
बिजली के तारों और उपकरणों की हो रही जांच
शहर के अलग-अलग इलाकों में विद्युत व्यवस्था की जांच की जा रही है. जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां कर्मचारियों को लगाकर कार्य कराया जा रहा है. बिजली के तारों, पोल और अन्य उपकरणों की स्थिति पर भी ध्यान दिया जा रहा है. विभाग की कोशिश है कि दीपावली की शाम जब घरों में दीप जलें, बाजारों में रौनक बढ़े और लोग अपने घरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाएं, उस समय बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे.
पांचों फीडरों को किया जा रहा मजबूत
जानकारी के अनुसार, साहिबगंज शहर में पांच फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है. विभाग ने सभी पांचों फीडरों की व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की है. वर्तमान में शहर को करीब 30 मेगावाट बिजली मिल रही है, जिसे विभाग ने पर्याप्त बताया है. त्योहार के दौरान बिजली की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्रत्येक फीडर पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है.



