राष्ट्रीय युवा महोत्सव में साहिबगंज कॉलेज के विद्यार्थियों ने पांच अलग-अलग विधाओं में पहला स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर प्राचार्य ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनकी सराहना की।
साहिबगंज|| जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में साहिबगंज महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है. पेंटिंग, लोकनृत्य (सामूहिक), लोकगीत (सामूहिक), कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने अव्वल स्थान प्राप्त किया. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है.
प्राचार्य ने सफल प्रतिभागियों को किया सम्मानित
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता महाविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि धनतेरस के शुभ अवसर पर विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने पूरे महाविद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है. उन्होंने भगवान धन्वंतरि एवं मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की.
सिद्धो-कान्हू सभागार में हुआ था जिला स्तरीय आयोजन
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से चार नवंबर 2026 को साहिबगंज जिले के सिद्धो-कान्हू सभागार में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 के तहत ‘विकसित भारत यंग डायलॉग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था.
प्रो. कुमार प्रशांत भारती के मार्गदर्शन में मिली सफलता
साहिबगंज महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने संगीत शिक्षक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती के मार्गदर्शन और नेतृत्व में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया.
छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों में महाविद्यालय की छात्राएं स्नेहा कुमारी, खुशी लाल पंडित, स्वीटी कुमारी, शालू कुमारी और प्राची कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राओं में मनीष कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं.
वहीं, बीएड के प्रशिक्षुओं में जोयल सोरेन, इनामुल हेंब्रम, जीतू सोरेन, संजय हेंब्रम, संजय किस्कू, प्रीति मुर्मू, पूनम सोरेन, शांति सोरेन, बीना मरांडी, जेड़ मुनि मुर्मू, सरिता सोरेन, शीला मुर्मू, सिमरन सुमन एवं रहीसा प्रवीण को भी सम्मानित किया गया.
विद्यार्थियों की इस सफलता पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.



