साहिबगंज पुलिस ने छात्रों को साइबर अपराध के तरीकों और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए. 6 महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई.
साहिबगंज. बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साहिबगंज पुलिस की ओर से जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देशन में बोरियो प्रखंड के बड़ा पांगड़ो उच्च विद्यालय में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने की.
ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के तरीकों की दी
जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया. इसके साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी भी दी गयी.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराधी नये-नये तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहना जरूरी है.
पुलिस ने बताए जरूरी हेल्पलाइन नंबर
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी.
- पुलिस हेल्पलाइन – 112.
- चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098.
- महिला हेल्पलाइन – 1091.
- घरेलू हिंसा हेल्पलाइन – 181.
- साइबर अपराध हेल्पलाइन – 1930.
- एंबुलेंस सेवा – 108.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या साइबर ठगी की घटना होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है.
पुलिस पदाधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
मौके पर मेजर रोहित दुबे, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, साइबर सेल प्रभारी पंकज वर्मा, पांगड़ो ओपी प्रभारी सहित विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुस्मित सोरेन, अनुजा सिंह आर्य, अजय ठाकुर, रमेश कुमार, आशीष प्रसाद, जितेंद्र कुमार यादव, संध्या तिर्की, अविनाश आनंद, रितेश कुमार, अरुण कुमार, लिली मुर्मू, अमरेंद्र सिंहा और प्रशांत हेम्ब्रम सहित अन्य शिक्षक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे.



