1,864 आवेदनों में से 10 प्रतिशत की एक सप्ताह में जांच का निर्देश
साहिबगंज। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के आवेदनों के सत्यापन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इसमें धान और मक्का फसल के बीमा आवेदनों में मिली त्रुटियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बुआई क्षेत्र अनुपलब्ध होने के कारण 1,864 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं। इनका बीमित क्षेत्रफल 1,518.09 हेक्टेयर है। उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि अस्वीकृत आवेदनों में से 10 प्रतिशत की एक सप्ताह के भीतर यादृच्छिक जांच करें।
उन्होंने जांच प्रतिवेदन अगली बैठक में प्रस्तुत करने तथा पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



