रिम्स निदेशक पद के लिए डॉ. दिपेंद्र कुमार सिन्हा को अगले छह महीने के लिए प्रभार सौंपा गया है. जानें इस नियुक्ति से जुड़ी अहम जानकारी और सरकार का फैसला.
रांची: रिम्स के निदेशक पद को लेकर चल रही अटकलों पर राज्य सरकार ने विराम लगा दिया है. 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो चुके डॉ दिपेन्द्र कुमार सिन्हा अगले छह महीने तक संस्थान के निदेशक का प्रभार संभालेंगे. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने दो नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. उन्हें एक नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक अथवा अगले आदेश तक निदेशक का प्रभार सौंपा गया है.
शासी परिषद की बैठक में लिया गया था निर्णय
दरअसल, रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में संस्थान के प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक कार्यों को सुचारू रखने के लिए डॉ सिन्हा की सेवा अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया था. निदेशक का पद खाली रहने से संस्थान के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया.
नियमित निदेशक की नियुक्ति होते ही खत्म होगा कार्यकाल
सरकार ने सेवा विस्तार को अस्थायी और कार्यकारी व्यवस्था बताया है. इसके आधार पर डॉ सिन्हा नियमित निदेशक पद पर नियुक्ति या किसी अतिरिक्त लाभ का दावा नहीं कर सकेंगे. नियमित निदेशक के कार्यभार संभालते ही उनका प्रभार स्वतः समाप्त हो जायेगा. सरकार को किसी भी समय इस व्यवस्था को समाप्त करने का अधिकार होगा.
कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में जारी हुआ आदेश
अधिसूचना मुख्यमंत्री के आदेश से मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में जारी की गयी है. प्रस्ताव पर वित्त विभाग और कार्मिक विभाग की सहमति भी प्राप्त होने का उल्लेख है. सेवा विस्तार के दौरान वेतन और भत्तों का भुगतान रिम्स के स्वीकृत बजट से किया जायेगा.



