साहिबगंज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल. भागलपुर में डॉक्टरों से की गई मुलाकात, जानें पूरी जानकारी.
साहिबगंज. जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों, विशेषकर आर्थोपेडिक सर्जन एवं जनरल सर्जन की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू की है. इसी क्रम में सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल के चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार भागलपुर पहुंचे. वहां उन्होंने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों, विशेषकर आर्थोपेडिक एवं जनरल सर्जन से मुलाकात कर साहिबगंज में अपनी सेवाएं देने का आग्रह किया.
स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश
मुलाकात के दौरान सिविल सर्जन ने चिकित्सकों को साहिबगंज जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि आर्थोपेडिक एवं जनरल सर्जरी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ उपचार प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कई बार बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे जिलों या बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता है.
सिविल सर्जन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से साहिबगंज आकर अपनी सेवाएं देने का अनुरोध किया, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सके और इलाज के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़े.
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का लक्ष्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाना और आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है. सिविल सर्जन की यह पहल जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है.



