साहिबगंज। जिले के युवा कुमार करण का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘मेरा युवा भारत’ के तहत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक के रूप में किया गया है। उनके चयन से जिले के युवाओं और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
कुमार करण ने अपने चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जिले के गांव-गांव, हर घर और आम लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं की सहभागिता से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने ‘एक जीवन देश के नाम, एक जीवन विकसित भारत के नाम’ के प्रेरक मंत्र को अपनाकर एकजुटता के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
कुमार करण के चयन पर जिले के लोगों ने प्रसन्नता जताई और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



