साहिबगंज में ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय पवन कुमार मंडल की दर्दनाक मौत हो गई. घटना से परिवार में गहरा मातम पसर गया है.
साहिबगंज : मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज और सकरीगली रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय पवन कुमार मंडल की मौत हो गयी. मृतक जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के चानन गांव के निवासी और स्वर्गीय पप्पू मंडल के पुत्र थे. घटना सोमवार रात की बतायी जा रही है.
तीनपुलवा के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पवन कुमार मंडल चानन गांव के तीनपुलवा के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गये पीछे
पवन मंडल की पत्नी पूनम देवी हैं. उनके परिवार में 20 और 16 वर्ष के दो बेटे तथा 12 वर्ष की एक बेटी है.जीआरपी थाना प्रभारी सुखदेव राम ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है. मृतक की पहचान कर ली गयी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.



