मखानी गांव में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण के लिए भव्य कलश यात्रा निकाली गई. अयोध्या से पधारे प्रवचनकर्ता धनंजय वैष्णव जी महाराज भी हुए शामिल.
मंगलहाट.राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मखानी गांव के नीचे टोला स्थित आम बागान में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण प्रसंग ज्ञान गंगा यज्ञ को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. इसमें क्षेत्र की महिलाओं और कन्याओं के साथ अयोध्या स्थित शांति कुटिया, प्रमोद वन से पधारे प्रवचनकर्ता धनंजय वैष्णव जी महाराज शामिल हुए.
कलश यात्रा के दौरान मंगलहाट स्थित उत्तर वाहिनी गंगा नदी में पुरोहितों ने गंगा पूजन और मंत्रोच्चार कराया. इसके बाद विधि-विधान से कलश में गंगाजल भरकर श्रद्धालु मंगलहाट चौक, इंग्लिश संग्रामपुर सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए आयोजन स्थल पहुंचे. यात्रा के बाद आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच शरबत और महाप्रसाद का वितरण किया गया.
4 नवंबर को होगा कथा का समापन
आयोजन कार्यकर्ताओं के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा का समापन 4 नवंबर को होगा. कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेम, सद्भावना, भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का संदेश दिया जायेगा. प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा और आध्यात्मिक प्रवचन होगा. इस दौरान श्रद्धालु कथा प्रसंगों का श्रवण करेंगे. मौके पर आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहें.



