झामुमो ने गढ़वा जिला समिति को तत्काल भंग कर दिया है. 17 सदस्यीय संयोजक मंडल अब जिम्मेदारी संभालेगा. जानें पुनर्गठन की प्रक्रिया.
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गढ़वा जिला समिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने 26 अक्तूबर 2026 को इस संबंध में संशोधित कार्यालय आदेश जारी किया है. आदेश के तहत गढ़वा जिला समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी होने तक 17 सदस्यीय संयोजक मंडल जिम्मेदारी संभालेगा.
पार्टी के कार्यालय आदेश के अनुसार, दो अक्तूबर 2026 को प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आलोक में यह निर्णय लिया गया है. नवगठित संयोजक मंडल में मिथिलेश कुमार ठाकुर, अनंत प्रताप देव, ताहिर अंसारी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, शंभु चंद्रवंशी, धीरज कुमार दुबे, नितेश कुमार सिंह, राजकिशोर यादव, जेपी मिंज, शांति देवी, अंजली गुप्ता, जवाहर पासवान, संजीव कुमार भुइयां, कामेश्वर बैठा, जैनुल आबेदीन खान उर्फ मदनी और धर्मराज पासवान शामिल हैं.
15 दिनों में भेजनी होगी अनुशंसित सूची
संयोजक मंडल को निर्देश दिया गया है कि गढ़वा जिला समिति के पुनर्गठन के लिए अगले 15 दिनों के भीतर जिला संयोजक मंडल और वरिष्ठ साथियों के साथ बैठक की जाये. बैठक में जिला समिति के गठन से संबंधित नामों की अनुशंसित सूची तैयार की जायेगी. इसके साथ ही कार्यवाही पुस्तिका की छायाप्रति संलग्न कर सूची केंद्रीय कार्यालय को भेजनी होगी, ताकि केंद्रीय स्तर पर जिला समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की जा सके.



