साहिबगंज के एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में 10.10 सेकेंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता. झारखंड को मिली पहली बड़ी सफलता.
साहिबगंज. साहिबगंज के एमानुएल किस्कू ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए नया इतिहास रच दिया है. चेन्नई में आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एमानुएल ने 80 मीटर हर्डल्स में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने फाइनल में 10.10 सेकेंड का समय निकालकर अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर किया और झारखंड को प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक दिलाया. प्रतियोगिता 23 से 27 अक्टूबर तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हो रही है.
पहले हिट में रिकॉर्ड, फाइनल में अपने ही प्रदर्शन को पछाड़ा
खेल विभाग, झारखंड सरकार की ओर से स्थानीय सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज के प्रशिक्षु एमानुएल राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र हैं. वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 कोच योगेश यादव के प्रशिक्षण में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की.
80 मीटर हर्डल्स में पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड बिहार के रोहित राज के नाम था. उन्होंने 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 10.28 सेकेंड का समय निकालकर यह रिकॉर्ड बनाया था. एमानुएल ने इस बार हिट में 10.17 सेकेंड का समय निकालकर पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इसके बाद सेमीफाइनल में 10.22 सेकेंड का समय दर्ज किया और फाइनल में 10.10 सेकेंड के साथ अपना ही रिकॉर्ड सुधार लिया.
केरल को रजत, बिहार के रोहित राज को कांस्य
80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में एमानुएल किस्कू ने 10.10 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता. केरल के गौरीश विनय ने 10.11 सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि बिहार के रोहित राज 10.26 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे.
अधिकारियों और खेल जगत ने दी बधाई
एमानुएल किस्कू की इस उपलब्धि पर जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार और जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने बधाई दी.
इसके अलावा जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, उपाध्यक्ष कल्याण श्रीवास्तव, ओम ततसत, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष कुमार उर्फ टिंकू, मृत्युंजय राय, कोच अशोक साहनी, निमाई चौधरी, खेल शिक्षक राकेश कुमार राका, नवनीत कुमार सोनू, वीरेंद्र कुमार, आदित्य कुमार और बमबम कुमार समेत जिले के लोगों ने एमानुएल और उनके कोच योगेश यादव को राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं.



