जंगल से लकड़ी लाते समय 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से महिला घायल. उनके हाथ की उंगलियां झुलस गईं, अस्पताल में भर्ती.
राजमहल. तालझारी थाना क्षेत्र के प्रधान टोला में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला घायल हो गयीं. घायल महिला की पहचान प्रधान टोला, तालझारी निवासी सोनामुनी किस्कू, पति सुलेमान मंडल हांसदा के रूप में हुई है. हादसे में उनके बायें हाथ की चारों उंगलियां झुलस गयीं. घटना के बाद उन्हें राजमहल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उनका इलाज किया. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
नीचे लटके तार के संपर्क में आयी सिर पर रखी लकड़ी
जानकारी के अनुसार, सोनामुनी किस्कू जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार नीचे लटका हुआ था. उनके सिर पर रखी लकड़ी लटकते तार के संपर्क में आ गयी. इससे वह बिजली की चपेट में आकर घायल हो गयीं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. यहां चिकित्सक ने उनका उपचार किया.



