साहिबगंज की स्मृति मैरी किस्कू का 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम में चयन हुआ है. पुणे में होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी.
साहिबगंज: सेंट जेवियर्स स्कूल, साहिबगंज की छात्रा स्मृति मैरी किस्कू का चयन 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम में हुआ है. महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में स्मृति राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखायेंगी. उनके चयन से विद्यालय और साहिबगंज जिले के खेल जगत में खुशी है. चयन शिविर में प्रदर्शन के आधार पर मिला मौका
स्मृति का चयन झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से 16 से 23 अक्तूबर 2026 तक जमशेदपुर में आयोजित अंडर-16 राष्ट्रीय चयन शिविर में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया. राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है.
प्राचार्य और प्रशिक्षकों ने दी बधाई
विद्यालय के प्राचार्य रेवरेन्ड फादर अरुल डॉस ने स्मृति को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और शुभकामनाएं दीं.
वहीं, साहिबगंज जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से भी स्मृति को बधाई दी गयी. ओम प्रकाश, बेन जॉनसन, आदित्य राज ठाकुर, योगेश सर सहित अन्य प्रशिक्षकों और संघ के सदस्यों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जतायी तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
जिले के युवा खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा
स्मृति मैरी किस्कू का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन साहिबगंज जिले के लिए गर्व का विषय है. उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बास्केटबॉल में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की प्रेरणा मिलेगी.



