IPS जितेंद्र कुमार RPF के नए महानिदेशक बने हैं. 30 साल के अनुभव और राष्ट्रपति पदक विजेता अधिकारी का साहिबगंज रेल पोस्ट पर डिजिटल अंदाज में स्वागत किया गया.
साहिबगंज.रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के महानिदेशक (DG) के पद पर 1993 बैच के बिहार कैडर के सीनियर आईपीएस (IPS) अधिकारी जितेंद्र कुमार की नियुक्ति के बाद साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट में भारी उत्साह है. इस खास मौके पर साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट पर डिजिटल माध्यम से एक भव्य स्वागत संदेश प्रदर्शित कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं. उनकी इस नई भूमिका से बल के अधिकारियों और जवानों में जबरदस्त जोश का माहौल है.
3 दशकों का है बेदाग अनुभव
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले नए महानिदेशक जितेंद्र कुमार के पास police सेवा का तीन दशक (30 साल) से भी अधिक का एक लंबा और शानदार अनुभव है. उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण पदों पर बेहतरीन सेवाएं दी हैं.
RPF की कमान संभालने से ठीक पहले वे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में महानिदेशक (DG) के पद पर तैनात थे. इसके साथ ही, उनके पास केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी थी.
बिहार पुलिस के इन सबसे महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुके हैं जितेंद्र कुमार
आईपीएस जितेंद्र कुमार का प्रशासनिक रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है. वे बिहार पुलिस में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग (CID) जैसे बड़े पद की जिम्मेदारी बखूबी संभाल चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं.
जुलाई 2025 में केंद्र सरकार में महानिदेशक या इसके समकक्ष पद के लिए सूचीबद्ध (Empanelled) होने के बाद, अब उन्हें आधिकारिक तौर पर रेलवे सुरक्षा बल की पूरी कमान सौंप दी गई है.
सराहनीय और विशिष्ट सेवाओं के लिए मिल चुके हैं दो-दो राष्ट्रपति पदक
पुलिस सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए उन्हें देश के प्रतिष्ठित सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है. उन्हें वर्ष 2009 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और साल 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है.
साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट में हुए इस डिजिटल स्वागत समारोह के दौरान आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर (उप निरीक्षक) हेमंत कुमार सहित पोस्ट के सभी पुलिस प्राधिकारी और जवान मुख्य रूप से उपस्थित रहें



