रिम्स की 66वीं गवर्निंग बाडी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें 10 नए विभाग खोलना, 150 सुपर स्पेशियलिटी सीटें बढ़ाना और परिसर के कायाकल्प पर 466 करोड़ रुपये खर्च करना शामिल है।
रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और डाक्टरों की कमी दूर करने के लिए बड़े बदलाव की तैयारी है। रिम्स की 66वीं गवर्निंग बॉडी (जीबी) की बैठक में 10 नए विभाग शुरू करने, 150 सुपर स्पेशियलिटी सीट बढ़ायी जाएगी, जो अभी 11 सीट है। साथ ही पीजी की 176 से 250 सीट बढ़ेंगे।
नर्सों के 106 नए पद सृजित करने और पूरे परिसर के कायाकल्प पर 466 करोड़ रुपये खर्च करने समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतर सेवाएं देने के लिए 100 आयुष्मान मित्रों की बहाली की जाएगी।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से स्पेशल आक्सिलियरी पुलिस (सैप) के हवाले की जाएगी, साथ ही होमगार्ड जवानों को रिम्स से हटाया जाएगा। साथ ही रिम्स के बर्न वार्ड को विस्तार देते हुए वर्ल्ड क्लास सेंटर बनाया जाएगा।



