जिले में हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए कड़ा अभियान चलाया गया. तालझारी-कन्हैयास्थान NH पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में दर्जनों वाहन जब्त हुए.
मंगलहाट. बांसकोला से कन्हैयास्थान तक राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. मंगलवार को तालझारी एवं राजमहल थाना क्षेत्र में जिला परिवहन विभाग, रोड सेफ्टी, हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया.
हाईवे किनारे खड़े दर्जनों वाहनों को हटाया
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध रूप से खड़े बालू लदे ट्रक, ट्रैक्टर और बंधे हुए पशुओं समेत दर्जनों वाहनों को हटाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दी गई.
परिवहन विभाग और एनएचएआई की संयुक्त टीम रही शामिल
संयुक्त अभियान का नेतृत्व परिवहन विभाग के मोटर यान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, रोड सेफ्टी के अनुज कुमार एवं अमन कुमार तथा एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनुराग गुप्ता, डिप्टी मैनेजर आदित्य रत्नम और सब इंजीनियर आशुतोष श्रीवास्तव ने किया.
अवैध पार्किंग से दुर्घटनाओं का खतरा
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियां सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही हैं. इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी परेशानी होती है. इसी को देखते हुए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
अतिक्रमण नहीं हटाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
मोटर यान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कुछ लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया है. निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.
ढाबों और दुकानों पर भी रहेगी निगरानी

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनुराग गुप्ता ने कहा कि हाईवे किनारे खड़े भारी वाहन और अव्यवस्थित ढंग से संचालित ढाबे व दुकानें दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं. ऐसे स्थलों पर नियमित निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखना अनिवार्य है और सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप हाईवे को व्यवस्थित बनाने के लिए चरणबद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
अभियान में कई अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर परिवहन विभाग के मोटर यान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, रोड सेफ्टी के अनुज कुमार एवं अमन कुमार, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनुराग गुप्ता, डिप्टी मैनेजर आदित्य रत्नम, सब इंजीनियर आशुतोष श्रीवास्तव सहित परिवहन विभाग, रोड सेफ्टी और एनएचएआई की टीमों के पदाधिकारी उपस्थित थे.



