साहिबगंज RPF ने रेलवे एक्ट के उल्लंघन के आरोप में 5 लोगों को पकड़ा. रेलवे ट्रैक पार करने वालों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई. जानिए पूरी कार्रवाई.
साहिबगंज. मालदा रेल मंडल के साहिबगंज रेलवे स्टेशन परिसर और उसके आसपास मंगलवार की सुबह रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से सघन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान रेलवे एक्ट के उल्लंघन के आरोप में पांच लोगों को पकड़ा गया. बाद में सभी से जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया. अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना है.रेलवे ट्रैक पार करने वालों पर विशेष नजर
मौके पर मौजूद आरपीएफ के उपनिरीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान विशेष रूप से वैसे लोगों पर नजर रखी जाती है, जो रेलवे ट्रैक पार करते हैं.
उन्होंने बताया कि कई लोग जल्दबाजी में निर्धारित रास्ते का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे ट्रैक पार करने लगते हैं. वहीं, कुछ लोग मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम उठाते हैं. ऐसी लापरवाही से दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. इसलिए लोगों को रेलवे के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने के साथ उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है.
रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी नजर
उपनिरीक्षक ने बताया कि रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा भी आरपीएफ की प्राथमिकताओं में शामिल है. रेलवे के सामान को नुकसान पहुंचाने, चोरी करने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी नजर रखी जाती है. स्टेशन परिसर में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर उसकी जांच की जाती है और आवश्यक कार्रवाई की जाती है.
यात्रियों की सहायता के लिए भी तत्पर रहती है टीम
हेमंत कुमार ने बताया कि आरपीएफ का काम केवल जांच और कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों की सहायता करना भी टीम की जिम्मेदारी है. स्टेशन पर किसी यात्री को परेशानी होने या सहायता की जरूरत पड़ने पर आरपीएफ के जवान सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं.
उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर को सुरक्षित बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.



