राजमहल में चौकी से सामान निकालते समय 55 वर्षीय महिला पंखे की चपेट में आकर गिर पड़ीं. सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत नाजुक है, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया.
प्रतिनिधि, राजमहल. साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी नारायणपुर पंचायत के खोजपाड़ा गांव में सोमवार की रात घर के अंदर हुए हादसे में 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घायल महिला की पहचान सलीमा बेवा, पति मो मंजूर आलम के रूप में हुई है. उनके सिर में गंभीर चोट लगी है. राजमहल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया.चौकी पर चढ़कर निकाल रही थीं सामान, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सलीमा बेवा अपने घर में चौकी पर चढ़कर कुछ सामान निकाल रही थीं. इसी दौरान वह अचानक पंखे की चपेट में आ गयीं. इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ीं. गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गयी.
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
हादसे के बाद परिजन बिना देर किये घायल महिला को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां मौजूद चिकित्सक डॉ सादिक अंसारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया. सिर में गंभीर चोट और महिला की स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.



