JBVNL ने 5 विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला कर नयी जिम्मेदारी सौंपी है. रांची, डोरंडा और चतरा प्रमंडलों में पदस्थापन बदला गया. अधिसूचना जारी.
JBVNL Transfer: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला करते हुए उन्हें नयी जिम्मेदारी सौंपी है. इस संबंध में निगम मुख्यालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गयी है. तबादले के तहत रांची पूर्वी, रांची केंद्रीय, डोरंडा और चतरा विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में पदस्थापन में बदलाव किया गया है. सभी पदस्थापन तत्काल प्रभाव से लागू होंगे.अमित कुमार को चतरा, राकेश कुमार सिंह को डोरंडा की जिम्मेदारी
अधिसूचना के अनुसार, विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार को डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल से स्थानांतरित कर चतरा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता बनाया गया है. वहीं, विद्युत कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह को चतरा से स्थानांतरित कर डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
राजेश कुमार मंडल निगम मुख्यालय में पदस्थापित
विद्युत कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार मंडल को रांची पूर्वी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल से स्थानांतरित कर निगम मुख्यालय, रांची में वरीय प्रबंधक (तकनीकी), गवर्नमेंट एंड हाई वैल्यू कंज्यूमर के पद पर पदस्थापित किया गया है. उन्हें निगम मुख्यालय स्थित जन समस्या निवारण केंद्र के कार्यों के अलावा रांची के पर्यवेक्षण संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गयी है.
अनुप प्रसाद को रांची केंद्रीय, अमित कुमार भगत को रांची पूर्वी की जिम्मेदारी
निगम मुख्यालय में वरीय प्रबंधक (तकनीकी) और जन समस्या निवारण केंद्र में कार्यरत अनुप प्रसाद को स्थानांतरित कर रांची केंद्रीय विद्युत आपूर्ति प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता बनाया गया है. वहीं, विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार भगत को रांची केंद्रीय विद्युत आपूर्ति प्रमंडल से स्थानांतरित कर रांची पूर्वी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता नियुक्त किया गया है. निगम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी अधिकारियों का नया पदस्थापन तत्काल प्रभाव से लागू होगा.



