रांची के हिनू में गोलगप्पे, पुचका, पानीपुरी के कागज के कोन और दोने से बना दुर्गा पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बना है.
Ranchi Hinoo Golgappa Pandal: दुर्गा पूजा के दौरान रांची में हर साल अलग-अलग थीम पर आकर्षक पंडाल बनाए जाते हैं. इस बार हिनू के शुक्ला कॉलोनी में सनातन संघ दुर्गा पूजा समिति की ओर से एक अनोखा पंडाल तैयार किया जा रहा है. इसकी खासियत यह है कि पंडाल को गोलगप्पे, पुचका, पानीपुरी और झालमुड़ी में इस्तेमाल होने वाले कागज के कोन और दोने से सजाया जा रहा है. अनोखी थीम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
गोलगप्पे और झालमुड़ी के कोन से सज रहा पंडाल
शुक्ला कॉलोनी में बन रहे इस पंडाल में गोलगप्पे के पैकेट, चाट के दोने और झालमुड़ी के कागज के कोन का इस्तेमाल सजावट के लिए किया जा रहा है. पंडाल के अंदर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है. फिलहाल पंडाल का निर्माण कार्य जारी है. समिति के अनुसार, षष्ठी के दिन शाम सात बजे पंडाल का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा. इसी दिन जागरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें जमशेदपुर से कलाकार शामिल होंगे.

बंगाल के चुनाव से आया अनोखी थीम का विचार
सनातन संघ दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष कुंदन सिंह ने बताया कि इस थीम के पीछे बंगाल के खानपान की लोकप्रियता एक बड़ी वजह है. पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान झालमुड़ी और अन्य स्थानीय खाद्य पदार्थों की काफी चर्चा हुई थी. इसी से प्रेरित होकर समिति ने इस बार कुछ अलग करने का फैसला लिया.
उन्होंने बताया कि बच्चों और महिलाओं को आकर्षित करने के उद्देश्य से इस थीम पर काम शुरू किया गया. इसके लिए बंगाल के कारीगरों से संपर्क किया गया, जो फिलहाल पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.



