युवक से मुलाकात की चर्चा के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र के खिजुरखाल गांव के किता टोला में शनिवार को एक महिला का शव जामुन के पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान तलामय मुर्मू (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महिला के तीन बच्चे हैं, जबकि उसका पति रेसका टुडू दूसरे राज्य में मजदूरी करता है। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना से पहले एक युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। ग्रामीणों ने दोनों को साथ देखने के बाद युवक को रोक लिया। इसी दौरान महिला शौच जाने की बात कहकर घर से निकली। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पास जामुन के पेड़ से उसका शव लटका मिला।
सूचना मिलने पर बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



