झरना कॉलोनी से 1101 और महादेवगंज से 2100 महिलाएं करेंगी गंगा जल भरकर यात्रा, दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय हुआ माहौल
साहिबगंज। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन आज रविवार को साहिबगंज शहर और आसपास के क्षेत्रों में भव्य कलश शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। मां दुर्गा की आराधना को लेकर मंदिरों और पूजा पंडालों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं में नवरात्र को लेकर खासा उत्साह है।
झरना कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति के महासचिव प्रेमलाल मंडल ने बताया कि सुबह सात बजे 1101 महिलाएं एक समान परिधान में कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल होंगी। यात्रा मंदिर से निकलकर मुख्य मार्गों से होते हुए मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट पहुंचेगी। वहां गंगा जल भरने के बाद महिलाएं वापस मंदिर लौटेंगी। यहां मां दुर्गा की आठ भुजाओं वाली आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जा रही है।
वहीं, महादेवगंज दुर्गा पूजा समिति की ओर से 2100 कलशों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि श्रद्धालु सुबह 8:30 बजे गंगा घाट से जल लेकर महादेवगंज के लिए रवाना होंगे।
इसके अलावा संत जेवियर्स स्कूल के समीप मां जगदंबा मंदिर, चौक बाजार दुर्गा मंदिर और बड़ी दुर्गा मंदिर से भी कलश यात्राएं निकलेंगी। झरना कॉलोनी में 14 अक्टूबर को मां की प्रतिमा का नगर भ्रमण होगा, जिसमें पश्चिम बंगाल के नदिया से 80 सदस्यीय ढाक दल आकर्षण का केंद्र बनेगा।



