पूछताछ के लिए पिता-पुत्र को थाने लाई राधानगर पुलिस, जांच जारी
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज स्थित वेद व्यास इंडेन ग्रामीण वितरण गैस एजेंसी के गोबरगाड़ी गोदाम से करीब 60 खाली गैस सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने से गोदाम में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोरी की वारदात गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।गैस एजेंसी संचालक के अनुसार, गोदाम से धीरे-धीरे खाली सिलेंडर गायब हो रहे थे। पिछले एक महीने के दौरान करीब 60 सिलेंडर चोरी होने की बात सामने आई है। इसके बाद मामले की जानकारी राधानगर थाना पुलिस को दी गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है।
इसी क्रम में पुलिस पूछताछ के लिए पिता-पुत्र को थाने लाई है। दोनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, चोरी की घटना में पिता-पुत्र की संलिप्तता की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक गैस एजेंसी संचालक की ओर से राधानगर थाना में चोरी की घटना को लेकर लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।



