डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश
बोरियो|| दुर्गापूजा एवं दशहरा को लेकर बुधवार को बोरियो थाना परिसर में अंचलाधिकारी संजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस निरीक्षक नुनुदेव रॉय एवं थाना प्रभारी रोहित कुमार समेत पूजा समितियों के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस निरीक्षक नुनुदेव रॉय ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं। उन्होंने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए भड़काऊ एवं अश्लील संगीत से बचने की अपील की।
———-
पंडालों में सीसीटीवी और स्वच्छता पर जोर:
सीओ संजय कुमार शुक्ला ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। समितियां विसर्जन निर्धारित रूट से समय पर कराने के साथ अपने वॉलेंटियर को पहचान पत्र देकर सक्रिय रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें। बैठक में एसआई अनिल सिंह, एएसआई प्रभाशंकर दुबे सहित बासुकीनाथ रक्षित, मनोज रक्षित, सीताराम रक्षित, अभिषेक रक्षित, अटल दत्ता, मधुसूदन दत्ता, नंद किशोर साह, राजेश साह, मिथुन साह, गफ्फार अंसारी, रिजवान अंसारी, सकील अहमद समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।



