ई-विद्या वाहिनी पर उपस्थिति और एमडीएम की जानकारी समय पर दर्ज करने को कहा
मंडरो। वन प्रवासी भगैया स्थित प्लस-टू उच्च विद्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रधान सहायक शिक्षक, प्रधान शिक्षक, वार्डन एवं प्रधान मौलवी की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित हुई। अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तरुण कुमार घाटी ने की। बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिक्षकों को ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर शिक्षक एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति समय पर दर्ज करने तथा मध्याह्न भोजन से संबंधित एसएमएस भेजने का निर्देश दिया गया। एसएचवीआर एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का डाटा भी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
अपार आईडी और यू-डायस डाटा दुरुस्त करने पर जोर
इंस्पायर अवार्ड के लिए लंबित छात्र-छात्राओं का पंजीकरण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। बीपीओ मो. एहसान अहमद ने एसएमसी गठन की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने तथा नव साक्षर भारत कार्यक्रम की परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों का डाटा दो दिनों में बीआरसी में जमा कराने को कहा। सभी विद्यालयों को मासिक प्रतिवेदन प्रत्येक माह की तीन तारीख तक बीआरसी में जमा करने, विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने और यू-डायस पोर्टल पर नए विद्यार्थियों का नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला समन्वयक अविनाश कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार समेत बीआरसी कर्मी, सीआरपी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।



