महादेवगंज के पास मिला 45 वर्षीय गीता देवी का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के महादेवगंज अंतर्गत ललमटिया गांव के पास सोमवार देर रात महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान शंकर भुंईया की पत्नी गीता देवी (45) के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी मिलने के बाद जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
घर से महज 70-80 मीटर की दूरी पर मिला शव :
बताया गया कि गीता देवी का घर घटनास्थल से करीब 70 से 80 मीटर की दूरी पर है। मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि परिवार का किसी के साथ कोई विवाद या पुरानी दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में हत्या के पीछे का कारण परिवार के लिए भी स्पष्ट नहीं है।
एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस :
घटना को लेकर जिरवाबाड़ी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



