जनगणना प्रपत्र में OBC कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति ने अरगोड़ा चौक जाम कर दिया. केंद्र सरकार के खिलाफ तीव्र प्रदर्शन.
रांची. मंगलवार को पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति रांची जिला ने अरगोड़ा चौक को जाम कर दिया. उनकी मुख्य मांग जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए एक अलग कॉलम जोड़ना है. जाम सुबह करीब सवा नौ बजे शुरू हुआ. इस दौरान समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.प्रदर्शनकारी ‘ओबीसी कॉलम देना होगा’, ‘केंद्र सरकार हाय-हाय’ और ‘ओबीसी एकता जिंदाबाद’ जैसे नारे लगा रहे थे.
जातिगत जनगणना और 27 फ़ीसदी आरक्षण की मांग
समिति के सदस्यों ने कहा कि जनगणना का काम शुरू हो चुका है और वे जातिगत जनगणना की मांग कर रहे हैं, ताकि ओबीसी की सही संख्या का पता चल सके. समिति का कहना है कि आबादी के आंकड़े के आधार पर 27 फ़ीसदी आरक्षण सहित अन्य मांगें सरकार के सामने रखी जा रही हैं. समिति के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को झारखंड के सात जिलों में प्रदर्शन किया जा रहा है.
अरगोड़ा चौक जाम होने से वाहनों की लगी कतार
प्रदर्शन के कारण अरगोड़ा चौक पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम की वजह से लोगों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग रास्ते से वापस लौटे और दूसरे मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचे. इस दौरान हाईकोर्ट के एक जज की गाड़ी को भी जाम से बचने के लिए घूमकर जाना पड़ा. हालांकि प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को रास्ता दिया.
समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान समिति के जिला अध्यक्ष जेम्स कुमार साहू, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू, शिवपूजन साहू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. समिति ने जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही.



