रांची स्टेट लाइब्रेरी में आग लगने से छात्रों में हड़कंप मच गया. आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. घटना के कारणों की जांच जारी है.
रांची. फिरायालाल स्थित स्टेट लाइब्रेरी में मंगलवार को अचानक आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया. लाइब्रेरी में मौजूद छात्र आग की जानकारी मिलते ही घबराकर इधर-उधर भागने लगे. देखते ही देखते परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.आग की सूचना मिलते ही लाइब्रेरी में मौजूद लोग आग बुझाने में जुट गये. लोगों के प्रयास से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.आग के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्टेट लाइब्रेरी में आग लगने की घटना के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करने पहुंचते हैं. ऐसे में अचानक आग लगने की स्थिति में सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम कितने पर्याप्त हैं, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गयी है.
फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है. घटना में लाइब्रेरी के किस-किस सामान को नुकसान पहुंचा है, इसका भी आकलन किया जा रहा है. जांच के बाद ही आग लगने की वजह और नुकसान की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.



