छोटा दुर्गापुर के निजी विद्यालय से नाम का कोई संबंध नहीं, सात दिन में नाम हटाने का निर्देश
साहिबगंज। जिले के रांगा थाना क्षेत्र के छोटा दुर्गापुर गांव में संचालित ‘संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल’ में आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद साहिबगंज स्थित संत जेवियर्स स्कूल प्रबंधन ने अपने नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि छोटा दुर्गापुर में संचालित उक्त संस्थान से साहिबगंज स्थित संत जेवियर्स स्कूल का कोई संबंध नहीं है।
दुष्कर्म के मामले के बाद सामने आया नाम के इस्तेमाल का मुद्दा :
बताया गया कि छोटा दुर्गापुर स्थित विद्यालय में छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला तब सामने आया, जब वह गर्भवती हुई। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद परिजनों ने रांगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विद्यालय के निदेशक और रात्रि प्रहरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। एसडीपीओ के अनुसार मामले में कुल चार आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें दो की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
इसी घटनाक्रम के बाद साहिबगंज स्थित संत जेवियर्स स्कूल प्रबंधन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर अपने नाम के अनधिकृत इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है।
संस्थान के नाम का उपयोग करना कानूनी अपराध: फादर :
संत जेवियर्स स्कूल साहिबगंज के प्राचार्य फादर अरुल डोस ने कहा कि कुछ संस्थान ‘संत जेवियर्स’ नाम या उससे मिलते-जुलते नाम का इस्तेमाल कर संचालित किए जा रहे हैं, जबकि उनका विद्यालय प्रबंधन से कोई संबंध या संबद्धता नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों के कारण प्रतिष्ठित विद्यालय के नाम की छवि प्रभावित हो सकती है।
प्रबंधन ने संबंधित संस्थानों को सात दिनों के भीतर नामपट्ट, प्रचार सामग्री और सामाजिक माध्यमों से ‘संत जेवियर्स’ नाम हटाने का निर्देश दिया है। निर्देश का पालन नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रबंधन ने अभिभावकों से भी किसी संस्थान में नामांकन से पहले उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि करने की अपील की है।



