निर्माण कार्य की प्रगति देखी, बोले- पुल से बिहार, संताल परगना और पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
साहिबगंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मध्य प्रदेश से पहुंचे 30 सदस्यीय इन्फ्लुएंसर दल के साथ साहिबगंज-मनिहारी के बीच निर्माणाधीन गंगा पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को मौके पर देखा और अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी जानकारी ली। इससे पहले अभियान के तहत दल ने जिले की विभिन्न ऐतिहासिक एवं विकास परियोजनाओं का भी जायजा लिया था।
कनेक्टिविटी को लेकर जताई उम्मीद :
प्रेस वार्ता में मरांडी ने कहा कि गंगा पुल के पूरा होने से साहिबगंज और संताल परगना का संपर्क बिहार के कई जिलों से सीधे तौर पर बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और परिवहन सुविधाओं को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने केंद्र सरकार की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है और निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी, धर्मेंद्र कुमार, रामानंद साह, मनोज यादव, प्रेमलाल मंडल, राजेश मंडल समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।



