बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कई लोगों को हिरासत में लिया गया
साहिबगंज/बरहेट। साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमगाछी केंदुआ ईदगाह के पास स्थित एक घर में चल रहे अवैध मिनी गन फैक्ट्री का गुरुवार को बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 16 अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन सहित कई आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं। मामले में इलाके के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार ताला तोड़कर घर में घुसी पुलिस
जानकारी के अनुसार पुलिस जब मौके पर पहुंची तो संबंधित घर बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने चार ताले तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर के भीतर हथियार बनाने की मशीनें लगी हुई थीं और बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार व उपकरण रखे हुए थे। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त घर में बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता था। आसपास के लोगों ने बताया कि मुहल्ले में कई लोगों ने बाहर से आकर जमीन खरीदकर मकान बनाया है, जिस कारण किसी को इस गतिविधि की भनक नहीं लगी। अचानक भारी संख्या में पुलिस पहुंचने और ताला तोड़कर कार्रवाई शुरू होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

बिहार के मुंगेर कनेक्शन की जांच
मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि बिहार के मुंगेर जिले के एक व्यक्ति द्वारा यहां घर बनवाया गया था और उसी के माध्यम से अवैध हथियार निर्माण का कार्य संचालित किया जा रहा था। बिहार में दर्ज कुछ मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद मिली सूचना पर बिहार एसटीएफ की टीम यहां पहुंची थी। इसकी सूचना साहिबगंज पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

डीएसपी ने बताया कि मामले में इलाके के कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।छापेमारी के दौरान बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहड़वा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, प्रभारी रांगा थाना प्रभारी गौरव समेत बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस के कई जवान मौजूद थे।
