गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी ट्रेन सेवा को मंजूरी मिल गई है, जो दुर्गा पूजा से पहले शुरू होने की उम्मीद है। यह नई ट्रेन गया से कोडरमा होते हुए न्यू गिरिडीह से पश्चिम बंगाल के संतरागाछी तक चलेगी, जिससे क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना पूरा होगा।
गिरिडीह। रेलमार्ग के माध्यम से झारखंड के गिरिडीह के लोगों का कोलकाता पहुंचने का सपना शीघ्र ही साकार होने वाला है। इसे लेकर गया से कोडरमा भाया न्यू गिरिडीह, मधुपुर होते पश्चिम बंगाल के संतरागाछी रेलवे स्टेशन तक सीधा जुड़ाव को लेकर एक नई ट्रेन का परिचालन पर मुहर लगी है।
उम्मीद जताई गई कि दुर्गा पूजा से पहले ही यह सौगात जिलेवासियों को मिल जाए और लंबे समय से इंतजार की घड़ियां समाप्त हो जाए। यह सपना मंत्री अन्नपूर्ण देवी, जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश जालान व गिरिडीह चेंबर आफ कामर्स के प्रयास से साकार होने वाला है। यह जानकारी चेंबर आफ कामर्स के जिलाध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने दी।
बताया कि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गया से कोडरमा न्यू गिरिडीह होते हुए पश्चिम बंगाल के संतरागाछी रेलवे स्टेशन तक के लिए एक नई ट्रेन स्वीकृत कराकर गिरिडीह से कोलकाता सीधे जाने का वर्षों का सपना पूरा करने का काम किया है। जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश जालान समेत अन्य ने सराहनीय पहल की जिसका फलाफल सामने है।
काफी पहले गिरिडीह से कोलकाता व पटना आने-जाने के लिए दो स्लीपर कोच की व्यवस्था थी। इसे पहले दानापुर एक्सप्रेस में व बाद में आनंद विहार एक्सप्रेस में जोड़ा जाता था लेकिन कोरोना काल से यह व्यवस्था बंद कर दी गई थी। तब से गिरिडीह वासी लगातार गिरिडीह से कोलकाता व पटना के लिए सीधी ट्रेन की मांग करते आ रहे थे।
इसे लेकर जिला चेंबर आफ कामर्स के प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ भी केंद्रीय रेल मंत्री से समय-समय पर मुलाकात की और उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा था। इस पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने गया से कोडरमा भाया न्यू गिरिडीह होते पश्चिम बंगाल के संतरागाछी तक के लिए नई ट्रेन की स्वीकृति प्रदान की है जो दुर्गा पूजा के पूर्व शुरू हो जाएगी।



