करम डाल की पूजा के साथ कुर्मी समाज ने दिखाई सांस्कृतिक एकजुटता, लोक परंपरा को सहेजने का दिया संदेश
तीनपहाड़। तीनपहाड़ के मुंडली मैदान में सोमवार को कुर्मी समाज की ओर से करम महोत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रकृति और कृषि से जुड़ा करम पर्व झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर करम देवता की विधिवत पूजा-अर्चना कर करम डाल की स्थापना की गई। इसके बाद पारंपरिक गीत-संगीत और सामूहिक नृत्य का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रांची कुर्मी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं प्रेमलाल उर्फ मंटा मंडल, कृष्णा महतो और राजेश मंडल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश महतो उर्फ झूलन, सचिव अर्जुन महतो एवं कोषाध्यक्ष आनंद महतो ने अतिथियों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
लोकगीत और नृत्य से बरकरार रखी संस्कृति:
करम महोत्सव के दौरान करमेतियों ने पारंपरिक गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। महिला-पुरुषों ने सामूहिक रूप से नृत्य-गान में भाग लेकर अपनी लोक संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया। आयोजन में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी ने सामुदायिक एकजुटता को भी मजबूत किया।
इस दौरान चुनचुन महतो, रिंकू महतो, लोविन महतो, प्रदीप महतो, राजेश महतो, जगदेव महतो, साजन कुमार, पप्पू महतो, केदार महतो सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।



