
रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गयी। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत बढ़ने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
तेज बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत
जानकारी के मुताबिक देवेंद्र नाथ महतो को तेज बुखार के साथ लगातार दस्त, उल्टी और शरीर में दर्द की समस्या हो रही थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी प्राथमिक जांच के बाद जरूरी टेस्ट कराए। जांच रिपोर्ट के आधार पर उनका इलाज किया जा रहा है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिकित्सक लगातार नजर रख रहे हैं। समर्थकों से बोले- चिंता न करें
अस्पताल में भर्ती होने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से घबराने या चिंता करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जतायी कि वह जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे। साथ ही उन्होंने सभी से अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं बनाए रखने का आग्रह किया।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती व्यवस्था तथा झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष रुकेगा नहीं। उन्होंने अपने समर्थकों से संयम और धैर्य बनाए रखने की भी अपील की।

भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ लंबे समय से आंदोलन
दरअसल, जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर देवेंद्र नाथ महतो लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुआ उनका आंदोलन बाद में धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन तक पहुंच गया था।
भर्ती व्यवस्था में सुधार समेत कई मांगों को लेकर उन्होंने इसके बाद 24 जिलों में युवाओं और अभ्यर्थियों से संवाद करने के लिए भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुरू की। विभिन्न जिलों में लोगों से बातचीत और समर्थन जुटाने के बाद यह यात्रा 11 सितंबर को रांची में समाप्त हुई।
लगातार आंदोलन, अनशन और जिलों के दौरे के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गयी, जिसके बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।



