उधवा। जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र बनवाने को लेकर अंचल कार्यालय में बढ़ रही भीड़ और ग्रामीणों की परेशानियों को देखते हुए दक्षिण पलाशगाछी पंचायत की मुखिया नफीसा खातून ने अंचल अधिकारी से पंचायत सहायकों का सहयोग लेने की मांग की है। इस संबंध में मुखिया नफीसा खातून ने उधवा अंचल अधिकारी को आवेदन सौंपकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि वर्तमान समय में जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र से संबंधित कार्यों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं। इससे कार्यालय में भीड़ बढ़ने के साथ आम लोगों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुखिया ने कहा कि यदि पंचायत सहायकों को इस कार्य में सहयोग के लिए अधिकृत या निर्देशित किया जाए, तो ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहायता मिल सकेगी। इससे अंचल कार्यालय में अनावश्यक भीड़ कम होगी और आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं तेज बनाया जा सकेगा। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र से संबंधित कार्यों में पंचायत सहायकों का सहयोग लेने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश अथवा पत्र जारी करने की मांग अंचल अधिकारी से की है। मुखिया का कहना है कि इस पहल से विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीणों को अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है।



