साहिबगंज में बाढ़ के बीच NDRF की तैनाती, कमांडेंट बोले- आपदा की स्थिति में तुरंत तैयार रहेगी टीम
साहिबगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए साहिबगंज में जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। पिछले चार दिनों से बाढ़ प्रभावित अलग-अलग क्षेत्रों में राहत सामग्री का लगातार वितरण किया जा रहा है। प्रशासनिक टीमें प्रभावित लोगों तक जरूरी सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।इधर, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए NDRF की टीम भी साहिबगंज पहुंच गई है। करीब 30 सदस्यीय टीम को गंगा दियारा क्षेत्र में तैनात किया गया है। टीम आने वाले कुछ दिनों तक साहिबगंज में रहकर बाढ़ की स्थिति और संभावित आपदा पर नजर रखेगी।
NDRF के कमांडेंट हितेंद्र पाल सिंह कंडारी ने बताया कि गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए टीम साहिबगंज पहुंची है। NDRF की टीम लगातार बाढ़ की स्थिति पर निगरानी रखेगी। उन्होंने कहा कि अगर बाढ़ के दौरान किसी तरह का हादसा या आपदा की स्थिति उत्पन्न होती है, तो NDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए तैयार रहेगी।
कमांडेंट ने कहा कि फिलहाल NDRF की टीम कुछ दिनों तक साहिबगंज में ही मौजूद रहेगी और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखेगी। आवश्यकता पड़ने पर टीम रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए NDRF पूरी तरह तैयार है।

70 गांवों में बाढ़, 50 हजार की आबादी प्रभावित
गंगा के बढ़ते जलस्तर से जिले के करीब 70 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जबकि लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 1.35 मीटर ऊपर बह रहा है। दियारा क्षेत्र के कई गांवों में पानी घुसने के बाद लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।जिला प्रशासन की ओर से लोगों से लगातार सुरक्षित स्थानों और बनाए गए राहत शिविरों में शरण लेने की अपील की जा रही है। साथ ही लोगों से अपने मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की गई है।

किशन प्रसाद गाँव में बच्ची की तलाश भी जारी
इसी बीच साहिबगंज सदर प्रखंड क्षेत्र की किशन प्रसाद पंचायत के किसान प्रसाद गांव में बीते रविवार को बाढ़ के पानी में डूबी बच्ची की तलाश भी जारी है। चार दिन बीत जाने के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल पाया है।स्थानीय स्तर पर लगातार खोजबीन के बाद अब NDRF की टीम भी बच्ची की तलाश में अभियान चलाएगी। बुधवार को NDRF टीम ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गंगा दियारा क्षेत्र की ओर रुख किया है। टीम किशन प्रसाद समेत अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेगी और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान चलाएगी।बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच NDRF की मौजूदगी से प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में अतिरिक्त मजबूती मिली है। आपदा की स्थिति में NDRF की टीम तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी।



