नप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रशासक और वार्ड पार्षदों ने दी श्रद्धांजलि
साहिबगंज। झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास मंत्री रहे सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर नगर परिषद कार्यालय सभागार में मंगलवार को शोकसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में नगर परिषद के प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह, अध्यक्ष रामनाथ पासवान, उपाध्यक्ष विनिता देवी समेत 28 वार्डों के वार्ड पार्षद मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत मंत्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने शिक्षा और नगर विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनके निधन से राज्य ने एक सक्रिय एवं कर्मठ जनप्रतिनिधि खो दिया है। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।



